Home / Uttarakhand / IMA की 158वीं पासिंग आउट परेड में इतिहास, पहली बार 9 महिला कैडेट्स बनीं सैन्य अधिकारी

IMA की 158वीं पासिंग आउट परेड में इतिहास, पहली बार 9 महिला कैडेट्स बनीं सैन्य अधिकारी

देहरादून। भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में शनिवार को 158वीं पासिंग आउट परेड का भव्य आयोजन हुआ। इस गौरवशाली अवसर पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि एवं रिव्यूइंग ऑफिसर के रूप में शामिल हुईं। राष्ट्रपति ने परेड की सलामी ली और मार्चिंग टुकड़ियों का निरीक्षण कर युवा सैन्य अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया।

समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे। अकादमी परिसर में आयोजित इस ऐतिहासिक आयोजन के दौरान देश-विदेश से आए अतिथियों ने भविष्य के सैन्य अधिकारियों की अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रशिक्षण क्षमता का प्रदर्शन देखा।

IMA की 158वीं पासिंग आउट परेड कई मायनों में ऐतिहासिक रही। भारतीय सैन्य अकादमी के इतिहास में पहली बार 9 महिला कैडेट्स अधिकारी के रूप में भारतीय सेना में कमीशन हुईं। महिला कैडेट्स ने पुरुष कैडेट्स के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कदमताल करते हुए परेड में हिस्सा लिया और भारतीय सेना में महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल पेश की।

इस बार कुल 515 कैडेट्स पास आउट हुए। इनमें 481 भारतीय कैडेट्स शामिल रहे, जबकि 16 मित्र देशों के 34 विदेशी कैडेट्स ने भी सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा कर अकादमी से पास आउट किया। परेड के दौरान ‘अंतिम पग’ की परंपरा निभाते हुए कैडेट्स ने सैन्य जीवन के नए अध्याय में प्रवेश किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने युवा अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए देश की सुरक्षा, सम्मान और अखंडता की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। समारोह का समापन देशभक्ति और गौरव के माहौल के बीच हुआ।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *