रुद्रपुर।
उधम सिंह नगर जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए जिला आबकारी विभाग ने बड़ा अभियान छेड़ रखा है। शराब माफिया के खिलाफ चल रही इस कार्रवाई में विभाग ने अब तक 679 अभियोग पंजीकृत किए हैं और करीब 27 हजार लीटर अवैध शराब जब्त की गई है।
जिला आबकारी अधिकारी ने वर्षभर की कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा देते हुए बताया कि अभियान के दौरान 26,000 लीटर कच्ची शराब, 400 लीटर देसी शराब और लगभग 350 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। इसके साथ ही अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त होने वाले एक लाख लीटर लहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। उन्होंने बताया कि आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत 51 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है। जिला आबकारी अधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए निर्धारित ₹227 करोड़ के राजस्व लक्ष्य को विभाग द्वारा प्राप्त कर लिया गया है।
अधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जहरीली शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। आबकारी टीम लगातार छापेमारी कर अवैध कारोबार पर नकेल कस रही है, ताकि जिले में अवैध शराब पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।










