खाड़ी देशों और मध्य पूर्व एशिया में मौजूदा हालात को देखते हुए भारत सरकार और उत्तराखंड शासन पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। विदेशों में रह रहे उत्तराखंड के नागरिकों की सुरक्षा और सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उत्तराखंड सरकार ने खाड़ी देशों में रह रहे या किसी भी प्रकार की समस्या का सामना कर रहे राज्य के लोगों की मदद के लिए समन्वय तंत्र को और मजबूत किया है। इस दिशा में भारत सरकार के विदेश मंत्रालय और संबंधित देशों में स्थित भारतीय दूतावासों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
राज्य शासन की ओर से गृह विभाग की विशेष सचिव निवेदिता कुकरेती को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे खाड़ी देशों में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए समन्वय स्थापित करेंगी और संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में रहेंगी। इसके साथ ही राज्य सरकार ने नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है —
📞 9411112792
ईमेल के माध्यम से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है —
📧 dgc-police-ua@nic.in
सरकार ने अपील की है कि खाड़ी देशों में किसी भी प्रकार की आपात स्थिति का सामना कर रहे व्यक्ति या उनके परिजन इन माध्यमों के जरिए तुरंत संपर्क करें, ताकि समय रहते प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।










