देहरादून | रिपोर्ट : _
राजधानी देहरादून में चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। दून पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने इस वारदात में प्रत्यक्ष रूप से गोली नहीं चलाई, लेकिन उन्होंने मुख्य शूटर्स को हत्या में इस्तेमाल किए गए वाहन की व्यवस्था कराने और वारदात के बाद आरोपियों को छिपाने में अहम भूमिका निभाई थी। वाहन उपलब्ध कराने और शरण देने का आरोप जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से मुख्य हमलावरों को लॉजिस्टिक सपोर्ट दिया। हत्या में प्रयुक्त वाहन की व्यवस्था करना और वारदात के बाद शूटरों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।दो गिरफ्तार, छह अन्य नामजद इस पूरे प्रकरण में फिलहाल दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि छह अन्य आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
एसएसपी का बयान देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि मामले में शामिल सभी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। जांच जारी, और खुलासों की संभावना
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच अभी जारी है और आगे भी इस मामले में नए खुलासे होने की संभावना है। पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि साजिश में शामिल सभी लोगों को कानून के दायरे में लाया जा सके।
देहरादून हत्याकांड के खुलासे के बाद अब सबकी नजर शेष आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी है।










