Home / Uncategorized / बोर्ड परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा: हरिद्वार में हाईस्कूल हिंदी पेपर के दौरान 8 मुन्ना भाई गिरफ्तार

बोर्ड परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा: हरिद्वार में हाईस्कूल हिंदी पेपर के दौरान 8 मुन्ना भाई गिरफ्तार

हरिद्वार।
बोर्ड परीक्षाओं की पवित्रता को तार-तार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। हाईस्कूल हिंदी विषय की परीक्षा के दौरान हरिद्वार के राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर परीक्षा केंद्र पर बड़े स्तर का फर्जीवाड़ा पकड़ा गया, जहां एडमिट कार्ड में फोटो बदलकर दूसरे छात्रों की जगह परीक्षा दे रहे आठ मुन्ना भाइयों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
परीक्षा कक्ष में तैनात कक्ष निरीक्षक की सतर्कता से यह मामला उजागर हुआ। निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की पहचान को लेकर संदेह हुआ, जिसके बाद गहन जांच की गई। जांच में एक-एक कर चार छात्र और चार छात्राएं बेनकाब हो गईं, जो असली परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा दे रही थीं।
परीक्षा केंद्र प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी संदिग्धों की उत्तर पुस्तिकाएं जब्त कर सील कर दीं और उन्हें गोपनीय अनुभाग को भेज दिया गया। साथ ही पूरे प्रकरण की सूचना संबंधित अधिकारियों और पुलिस को दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फर्जीवाड़े के इस नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि इस पूरे खेल में स्कूल स्तर से लेकर बाहरी लोगों की संलिप्तता हो सकती है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि एडमिट कार्ड में फोटो कैसे बदली गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ परीक्षा अधिनियम एवं अन्य सुसंगत धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद परीक्षा केंद्रों की निगरानी और जांच व्यवस्था को और कड़ा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *