Home / Uttarakhand / होली पर दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल अलर्ट मोड में, 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी सक्रिय

होली पर दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल अलर्ट मोड में, 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी सक्रिय

देहरादून। होली पर्व के मद्देनज़र राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल पूरी तरह अलर्ट मोड में है। रंगों के दुष्प्रभाव, आंख व कान से जुड़ी समस्याएं, त्वचा एलर्जी, फूड प्वाइजनिंग और हुड़दंग के दौरान होने वाली चोट जैसी संभावित घटनाओं से निपटने के लिए अस्पताल प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं।
अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार मिल सके। होली के दौरान बढ़ने वाले मरीजों के दबाव को देखते हुए सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने आमजन से अपील की है कि वे केमिकल युक्त रंगों के उपयोग से बचें और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें। उन्होंने कहा कि सावधानी बरतकर ही होली का आनंद लें, ताकि त्योहार खुशियों के साथ सुरक्षित भी रहे।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, होली के दौरान 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रहेंगी और आवश्यक दवाइयों व संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से संयम और सतर्कता के साथ पर्व मनाने की अपील की है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *