देहरादून/नई दिल्ली से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है, जहां कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर उत्तराखंड की राजनीति में अपनी सक्रियता का संकेत दिया है। कांग्रेस मुख्यालय, नई दिल्ली में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान कई प्रमुख नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी की नीतियों और आगामी रणनीति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनहित के मुद्दों को उठाते हुए संगठन को मजबूत कर रही है और नए साथियों के जुड़ने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी।
प्रेस वार्ता के बाद आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में कई प्रमुख नेताओं ने कांग्रेस का दामन थामा। इनमें राजकुमार ठुकराल, लखन सिंह (भीमताल), अनुज गुप्ता (मसूरी) और नारायण पाल (सितारगंज) शामिल रहे। इसके अलावा रुड़की के पूर्व मेयर गौरव गोयल ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
सभी नेताओं को उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रभारी द्वारा पटका पहनाकर पार्टी में शामिल कराया गया। इस दौरान कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) के सदस्य समेत उत्तराखंड कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने से आगामी चुनावी समीकरणों पर असर पड़ सकता है और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिल सकती है।










